एसडीओ ने वाहन सहित डीजे किया जब्त, प्राथमिकी हुई दर्ज

भास्कर न्यूज|गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शुक्रवार को लगभग आधी रात को शहर के नवादा मोड़ के पास तेज आवाज में बज रहे एक डीजे सेट को वाहन सहित जब्त कर गढ़वा थाने के हवाले कर दिया। गढ़वा पुलिस ने वाहन और डीजे सेट को सीज करते हुए डीजे संचालक गढ़वा प्रखंड के तेनार गांव निवासी बसंत प्रजापति पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि उन्हें देर रात जोर-जोर से डीजे की आवाज सुनाई दे रही थी। इस पर त्वरित संज्ञान लेकर उन्होंने बिना सुरक्षाकर्मी लिए ही आवाज की दिशा में जाकर देखा तो आशीर्वाद मैरिज हॉल में आयोजित एक शादी समारोह में पॉप स्टार (पीएस) डीजे नामक डीजे सेट तेज ध्वनि और तेज लाइटों के साथ बज रहा था। उन्होंने इसकी सूचना गढ़वा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी को दी, थाना प्रभारी कुछ ही पलों में दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीओ के निर्देश पर पुलिस ने डीजे को वाहन सहित जब्त कर लिया। संचालक से पूछताछ के बाद उस पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। साथ ही आर्शीवाद मैरिज हॉल के मालिक को भी दो दिनों के अंदर पक्ष रखने का नोटिस जारी किया गया है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने अपने यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में डीजे की अनुमति दे रखी है। बताया कि संतोषजनक कारण नहीं बताने की स्थिति में संबंधित परिसर को सील कर दिया जाएगा। एसडीओ ने शहर के सभी डीजे संचालकों, कार्यक्रम स्थलों/परिसरों के प्रबंधकों और लोगों से अपील की है कि किसी भी न्यायालयी आदेश का पालन करना प्रशासन के साथ साथ प्रत्येक व्यक्ति का भी दायित्व है, इसलिए डीजे पर प्रतिबंध का सभी लोग अक्षरश: पालन करें। उन्होंने कहा कि जब सभी को भली भांति विदित है कि माननीय न्यायालय के आदेश के द्वारा डीजे का प्रयोग पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया है तो इसके बावजूद भी डीजे का प्रयोग करना दुस्साहस ही कहा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *