जिले में सांची रोड पर ग्राम खानपुरा के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर 100 से ज्यादा लोग जमा हो गए। हैरत की बात है कि मदद के बजाय मोबाइल कैमरे निकल आए। कोई वीडियो बना रहा था, कोई रील के लिए एंगल ढूंढ रहा था। आधे घंटे तक घायल सड़क पर पड़े रहे। इसी दौरान पास के खेत में काम कर रहे सौरभ नरवरिया, उनका एक साथी मजदूर और खेत मालिक मौके पर पहुंचे। तीनों ने बिना देर किए गाड़ी मंगवाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जब तक परिजन नहीं आए, वे अस्पताल में ही रुके रहे। नशे में होने के कारण उनकी हरकतें भले अजीब थीं, पर इंसानियत उन्होंने दिखाई, भीड़ ने नहीं। हादसा गुरुवार शाम 6:30 बजे हुआ। इसमें प्रवीण वर्मा (45) व सुदीप अहिरवार (38) की मौत हो गई। राजीव धाकड़ (40) व गोविंद रजक (39) घायल हैं।


