गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक बच्चे पर पलट गया। ट्रक में लोहे और कोयले की चूरी भरी थी, जिसमें दबने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। राघौगढ़ अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। घटना शुक्रवार सुबह 11 बजे हुई। जानकारी के अनुसार राघौगढ़-आरोन मार्ग स्थित आनंदपुर मोईया गांव निवासी दीपक पिता मुकेश केवट (14) सड़क किनारे बैठा हुआ था। इस दौरान करीब 11 बजे आरोन की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक उसके ऊपर पलट गया। ट्रक में कोयले और लोहे की चूरी भरी थी, दीपक उसी में दब गया। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। क्रेन से सीधा किया ट्रक हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले JCB से ट्रक को सीधा कराने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक सीधा नहीं हुआ। इसके बाद क्रेन बुलवाई गई। लगभग दो घंटे के बाद क्रेन से ट्रक को सीधा किया गया। मलबे में दबने से बालक की मौत ग्रामीणों ने चूरी को हटाया, तब जाकर दीपक को बाहर निकाला गया। इसके बाद दीपक को राघौगढ़ अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काफी देर तक मलबे में दबे रहने के बाद दम घुटने से दीपक की मौत हो गई। राघौगढ़ थाना प्रभारी जुबेर खान ने बताया- कोयले और लोहे की चूरी से भरा एक ट्रक कटनी से राजस्थान जा रहा था। राघौगढ़ इलाके के आनंदपुर मोईया में ट्रक एक बच्चे के ऊपर पलट गया। इससे बच्चे की मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।


