फतेहाबाद के 2 दोस्तों की पंजाब में मौत:रिंग सेरेमनी से लौट रहे थे, धुंध में बेकाबू होकर कार पलटी; 3 घायल

फतेहाबाद के जाखल के दो युवकों की देर रात पंजाब के पटियाला जिले में एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तीन युवक इस हादसे में घायल हो गए, जिनमें से एक को गंभीर हालत के चलते पटियाला अस्पताल रेफर किया गया है। युवक अपने दोस्त की रिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए संगरूर के दिड़बा क्षेत्र में गए हुए थे और रात को लौटते समय उनकी कार धुंध के कारण डिवाइडर से जा टकराई। पंजाब पुलिस ने सूचना के आधार पर युवकों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। उधर इस हादसे के बाद आज जाखल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार जाखल मंडी के 4 दोस्त अंशुल गर्ग, अतुल गोयल, हिमांशु गोयल, चैरी खिप्पल अपने एक दोस्त की रिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए शाम को कार में सवार होकर संगरूर के दिड़बा के लिए निकले। रास्ते में मुनक में एक और दोस्त कार में सवार हो गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात सभी युवक कार में वापस जाखल की तरफ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वे पटियाला के पातड़ां क्षेत्र के गांव दुगाल के पास पहुंचे तो धुंध में विजिबिलिटी न होने के चलते कार डिवाइडर से जा टकरा गई। हादसे में अंशुल व अतुल की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पंजाब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को संभाला। हादसे में हिमांशु को ज्यादा गंभीर चोटें लगने पर उसे पटियाला रेफर किया गया है, जबकि चैरी व मुनक निवासी युवक को कम चोटें लगने से उनकी जान बच गई। मृतक दोनों युवक अविवाहित थे और लगभग 25 वर्ष के थे, दोनों जाखल में व्यापार का काम संभालते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *