अंब-ऊना हाईवे पर नंदपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की जान चली गई। शुक्रवार रात करीब 12 बजे नंदपुर-कुठियाड़ी के बीच नूरा बाचा मंदिर के पास हुए इस हादसे में ऊना की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने विपरीत दिशा से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंची। हादसे के बाद टैंकर चालक अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायल चालक रजत कुमार को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें पहले सिविल हॉस्पिटल और फिर क्षेत्रीय हॉस्पिटल ऊना रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक रजत कुमार नंदपुर का रहने वाला था और पेशे से ट्रैक्टर चालक था। एसपी ऊना राकेश सिंह के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने फरार टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


