खंडवा रोड स्थित फार्म हाउस से थर्टी फर्स्ट की पार्टी मनाकर लौट रहे दो युवक और एक युवती की थार कार सामने से आ रही बस में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार सवार युवक शुभम की मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती घायल हुए हैं। शुभम के परिवार का नागदा में ऑप्टिकल का बड़ा कारोबार है। उसके परिवार में माता-पिता और छोटा भाई है। शुभम की शादी नहीं हुई थी। तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार, घटना खंडवा रोड स्थित टपाल घाटी पर गुरुवार तड़के 4 बजे की बताई जा रही है। हादसे में शुभम (24) पिता अंकित कक्कर निवासी नागदा की मौत हो गई। थार में सवार प्रियांश मीणा निवासी नंदानगर और उसकी साथी आयुषी घायल हो गए। दोनों को का उपचार अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि शुभम 28 दिसंबर को अपनी थार लेकर एक प्री-एग्जाम देने इंदौर आया था। फिर प्रियांशु के कहने पर उसके घर पर ही रुक गया था। अस्पताल में शव छोड़ गया युवक: यह भी बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सावलिया नामक युवक घायलों और मृतक को अस्पताल लेकर पहुंचा था। वह शव को अस्पताल में छोड़कर चला गया। उधर, बस में भी यात्री सवार थे, हालांकि बस में किसी को चोट नहीं आई। पीछे की सीट पर बीच में बैठा था इसलिए बच नहीं पाया युवक शुरुआती जांच में पता चला कि तीनों युवा चोखी ढाणी के पीछे स्थित एक निजी फार्म हाउस पर पार्टी मनाने गए थे। लौटते वक्त थार प्रियांश चला रहा था। आगे ही आयुषी भी बैठी थी। शुभम पीछे बैठा था, लेकिन वह दोनों से बात करने के लिए सीट के बीच वाले हिस्से में आ गया था। जैसे ही टक्कर हुई तो थार के बलून खुले। आगे बैठे प्रियांश और आयुषी तो बलून से बच गए, लेकिन शुभम बीच में होने से सीधे थार के डेशबोर्ड से टकराया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौत हो गई।


