बीकानेर में घने कोहरे के बीच गुरुवार की देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नापासर थाना क्षेत्र में पहले सड़क पर ऑटो पलट गया, जिसे उठाने के लिए पिकअप गाड़ी पहुंची। इसी दौरान एक ट्रेलर ने ऑटो और पिकअप दोनों को रोंद दिया। हादसा रात करीब बारह बजे हुआ, तब तीन की मौत हुई थी लेकिन सुबह होते-होते एक और घायल ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार देर रात करीब बारह बजे एक ऑटो में सवार लोग देशनोक से जा रहे थे। इस दौरान देशनोक- नौरंगदेसर मार्ग पर उनकी ऑटो पलट गई। इस पर ऑटो को उठाने के लिए पिकअप गाड़ी को बुलाया गया। इस दौरान मौके पर पांच-सात लोग एकत्र हो गए। अभी पिकअप से इस ऑटो को खड़ा करने का प्रयास ही चल रहा था कि एक ट्रेलर ने तेज स्पीड में आते हुए इन दोनों वाहनों को कुचल दिया। यहां ऑटो को उठाने का प्रयास कर रहे लोग भी इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि तीन की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ घायलों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक ने दम तोड़ दिया। अब तक चार लोगों की मौत की सूचना है।
घायल कौन है और कहां से कहां जा रहे थे, इस बारे में जानकारी ली जा रही है।


