धौलपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए 4 हजार रुपए की नगदी के साथ सोने और चांदी की गहनों को पार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी की घटना को लेकर जानकारी ली है। पीड़ित मकान मालिक हमीद खान पुत्र गुलशेर खान ने बताया कि वह भगवान की पोशाक बनाने का काम करता है। रात को काम करने के बाद वह कमरे का ताला लगाकर परिवार के साथ हॉल में सोने चला गया। आधी रात को छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने उसके हॉल की बाहर से कुंडी लगा दी। जिसके बाद चोरों ने कमरे का ताला खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह के बाहर परिवार को चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित ने बताया कि चोर कमरे में रखे हुए 4 हजार रूपए की नगदी के साथ सोने और चांदी के करीब 50 हजार रूपए के गहनों को चुरा कर ले गए। चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी हैं। पुलिस के मुताबिक जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।


