सीपत| मुख्य महाप्रबंधक स्वपन कुमार मंडल ने 1 जनवरी से एनटीपीसी सीपत परियोजना के परियोजना प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। ऊर्जा क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उनके नेतृत्व को परियोजना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्वपन कुमार मंडल ने कलकत्ता विश्वविद्यालय से टेलीकम्युनिकेशन एवं रडार में एमटेक की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 1991 में एनटीपीसी में प्रशिक्षु कार्यकारी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने संचालन, योजना एवं प्रणाली तथा परियोजना निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभागों में कार्य करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया है। एनटीपीसी रिहंद और ऊंचाहार परियोजनाओं में कार्य के दौरान उन्होंने कुशल नेतृत्व, रणनीतिक सोच और प्रभावी परियोजना प्रबंधन से परिचालन दक्षता को सुदृढ़ किया। उन्होंने तकनीकी एवं प्रबंधकीय दक्षता बढ़ाने के लिए 40 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में भाग लिया है। कार्यभार संभालने पर वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन और एसोसिएशन की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।


