इंदौर के विजय नगर में गुरुवार रात एक कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। दुर्घटना से एक्टिवा करीब 100 फीट घिसटते हुए चली गई, जिसमें एक युवक एवं युवती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया है। कार पर ‘करणी सेना परिवार’ लिखा है। विजय नगर पुलिस के मुताबिक हादसा सयाजी चौराहे के पास हुआ है। घटना रात करीब 2:30 बजे की है। सयाजी पेट्रोल पंप की ओर से चौराहे पर मुड़ रही एक्टिवा MP20-SL-8410 को बापट चौराहे से विजय नगर की ओर जा रही तेर रफ्तार कार MP13-CE-2080 ने सामने से टक्कर मार दी। बैंकिंग की तैयारी कर रहा है युवक एक्टिवा पर सवार युवक हर्ष सोनी और युवती भवानी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक हर्ष जबलपुर का रहने वाला है और वर्तमान में विजय नगर क्षेत्र में रहकर बैंकिंग की तैयारी कर रहा है। वहीं भवानी सतना की रहने वाली है और स्कीम नंबर 78 में रहकर एक निजी कंपनी टास्क सोर्स में नौकरी करती है। दोनों अपने फ्लेट पर जा रहे थे। पुलिस ने कार ड्राइवर सुमित ठाकुर को हिरासत में ले लिया है।


