कोटा में कांग्रेस विधानसभा टिकट दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपए की वसूली की गई। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी कांग्रेस नेता बृजमोहन महावर से केशोरायपाटन विधानसभा सीट का टिकट दिलाने के नाम पर यह रकम ऐंठी गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विजय श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया है। परिवादी बृजमोहन महावर ने बताया कि उसकी पहचान आरोपी विजय श्रीवास्तव से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आरोपी ने खुद को फिल्म सेंसर बोर्ड का सदस्य बताते हुए दावा किया कि उसके राहुल गांधी, सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और राजस्थान प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री से करीबी संबंध हैं। इसी भरोसे में आकर बृजमोहन ने उसे पहले हवाई यात्रा के बहाने 25 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में कुल 4 लाख 25 हजार रुपए ऑनलाइन दिए गए।
इतना ही नहीं, 21 अक्टूबर 2023 को आरोपी ने नई दिल्ली के एक होटल में बुलाकर 5 लाख रुपए नकद भी ले लिए। आरोपी लगातार आश्वासन देता रहा कि टिकट पक्की है और 9 नवंबर को जारी होने वाली सूची में नाम आ जाएगा। झांसे में आकर बृजमोहन ने 4 नवंबर 2023 को केशोरायपाटन विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी दाखिल कर दिया। जब टिकट किसी और को मिला तो आरोपी ने पहले पैसे लौटाने और बाद में सीधे मंत्री बनवाने तक का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दीं और मोबाइल फोन बंद कर लिया। बृजमोहन का आरोप है कि उसने पहले थाने और फिर एसपी को शिकायत दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अंततः कोर्ट की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद कार्रवाई संभव हो सकी। रेलवे कॉलोनी थाना सीआई रामस्वरूप मीणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से केस दर्ज था और अब उसे यूपी से गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। आरोपी पूर्व में सुल्तानपुर कांग्रेस का जिला महामंत्री और फिल्म सेंसर बोर्ड का सदस्य रह चुका है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


