ग्वालियर में एआई से तैयार हुआ मृत महिला का चेहरा:पहचान के लिए पुलिस ने जारी की तस्वीर, 10 हजार का इनाम घोषित

गोले का मंदिर थाना क्षेत्र की नारायण विहार कॉलोनी के जंगलों में दो दिन पहले एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग कर मृतका के जीवित समय के चेहरे की तस्वीर तैयार की है। पुलिस ने महिला की पहचान बताने वाले को 10,000 रुपए का इनाम देने की भी घोषणा की है। एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट अभी प्रतीक्षित है। प्रारंभिक जांच में महिला के माथे और सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जो किसी भारी वस्तु से मारने या गिरने के कारण हो सकते हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि महिला की हत्या की गई है। जिस हालत में शव मिला था, उससे महिला के चेहरे की पहचान करना संभव नहीं हो पा रहा था। इसलिए, पुलिस ने एआई की मदद से फेशियल री-कंस्ट्रक्शन करवाकर एक ऐसी तस्वीर तैयार की है, जिससे यह अनुमान लगाया जा सके कि महिला जीवित अवस्था में कैसी दिखती होगी। इसके अतिरिक्त, महिला के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में ‘पप्पू’ लिखा हुआ है, जो पहचान में सहायक हो सकता है। एएसपी बेनीवाल ने बताया कि एआई द्वारा तैयार की गई तस्वीर को सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। साथ ही, इन तस्वीरों को मुख्य चौराहों, मेला मैदान और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी लगाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई महिला की शिनाख्त करता है, तो उसे 10,000 रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *