पंजाब के संगरूर में कोहरे के कारण तेज स्पीड कार स्पीड ब्रेकर पर पलट गई, जिसमें सवार 3 लोग घायल हो गया। घटना शुक्रवार रात बठिंडा-जीरकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोशनवाला गांव के पास निर्माणाधीन दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे पुल के नीचे हुआ। घायलों की पहचान जम्मू के सुंदरबनी निवासी रजत कुमार, अनिल कुमार और अभिनव शर्मा के रूप में हुई है। तीनों को गंभीर चोटें आने के कारण स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन संगरूर से पटियाला की ओर जा रहा था। घायल यात्री अनिल कुमार ने बताया कि एक्सप्रेसवे पुल निर्माण के कारण यहां गति सीमा कम कर दी गई है, लेकिन स्पीड ब्रेकरों पर रिफ्लेक्टर न होने और कोहरे के कारण वे दिखाई नहीं दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर ओवरब्रिज के निर्माण के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 7 का सीधा रास्ता अभी तक नहीं खोला गया है। अस्थायी रूट डायवर्जन के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को सीधे चालू किया जाए।


