उत्तरी शीतलहरों पर ब्रेक, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से उपर:सरगुजा में कड़ाके की ठंड से मिली राहत, ठंड से एक ग्रामीण की हुई मौत

उत्तर छत्तीसगढ़ में पड़ रही कड़ाके की ठंड पर ब्रेक लग गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बने सिस्टम के कारण शीतलहरों का प्रवेश कम हो गया है। इसके कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट थम गई है। शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया है। गुरुवार को अंबिकापुर में ठंड लगने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। सरगुजा संभाग में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में रिकार्ड ठंड के बाद जनवरी माह में थोड़ी राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में बादल छाने लगे हैं। इसके कारण उत्तरी सर्द हवाओं का प्रवेश रुक गया है। गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया है। पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया है। ठंड से मौत, अकड़ा हुआ मिला शव
अंबिकापुर से लगे श्रीगढ़ में पुआल में गुरुवार को एक वृद्ध व्यक्ति मृत अवस्था में मिला है। उसका शव अकड़ा हुआ मिला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में वृद्ध की मौत ठंड लगने से होने की पुष्टि हुई है। वृद्ध की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से एक बस का टिकट भी मिला है। आशंका है कि वह कहीं बाहर से आया था। गुरुवार को मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री दर्ज किया गया था। कम कपड़ों में खुले में सो जाने से वृद्ध की हाइपोथर्मिया की चपेट में आने से मौत हो गई। छाए रहेंगे बादल, छा सकता है कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहेंगे। 04 जनवरी को छिटपुट बारिश का भी पूर्वानुमान है। इसके कारण आगामी तीन से चार दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। इसके बाद फिर से ठंड की वापसी हो सकती है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में बादल छाए हुए हैं। बादलों ने शीतलहरों को रोक दिया है। चार दिनों बाद बादल छंट सकते हैं। इसके बाद ठंड की फिर से वापसी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *