बीजापुर में गुरुवार को दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि दी गई। जिला मुख्यालय बीजापुर के जय स्तंभ पर आयोजित सभा में पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें याद किया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुकेश चंद्राकर अपनी बेबाक और निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उनकी 1 जनवरी 2025 को हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद उनके शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया था। उनका शव 3 जनवरी 2025 को स्थानीय ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के बाड़े में मिला था। श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने मुकेश चंद्राकर के पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने बताया कि मुकेश ने हमेशा सच का साथ दिया, निर्भीक पत्रकारिता की और आमजन की आवाज को प्रमुखता से उठाया। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया गया। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने मुकेश चंद्राकर के आदर्शों का पालन करने और निष्पक्ष-निर्भीक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


