झारखंड के गुमला जिले में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पुल से गिरकर मौत हो गई। रायडीह थाना क्षेत्र की यह घटना शनिवार सुबह की है, जहां पतरा टोली की रहने वाली रिजिनल पन्ना नशे की हालत में पुल पर लेटी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे महिला को पुल पर देखा गया था। परिजनों ने बताया कि रिजिनल पन्ना के पति एलेक्जेंडर पन्ना का निधन करीब 10 साल पहले हो चुका था। निःसंतान होने के कारण वह गांव में अकेली रहती थीं और अक्सर नशे की हालत में इधर-उधर घूमती रहती थीं। घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना के एसआई धनंजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में पुल से गिरकर मौत का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


