शाजापुर में नए साल के दूसरे दिन शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और सुबह करीब 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इस सर्दी के मौसम में यह पहला मौका था जब इतनी देर तक कोहरे और शीत लहर का असर देखा गया। बढ़ी हुई ठंड ने आमजन की दिनचर्या को भी प्रभावित किया। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया के अनुसार, पिछले एक हफ्ते से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ था। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में नमी कम, उत्तर-पश्चिमी हवा चली इस दौरान आर्द्रता 31 प्रतिशत रही और उत्तर-पश्चिम दिशा से औसतन 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। इस अवधि में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। सुबह से छाए कोहरे और ठंड के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। कई स्थानों पर अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते देखा गया। कम दृश्यता के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों ने अपनी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।


