लुधियाना| नगर निगम चुनाव के 95 वार्डों में अब 447 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। नाम वापसी के दिन 216 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए हैं। हर वार्ड में चार से पांच प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। आयोग की ओर से 1223 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं जहां 21 दिसंबर को मतदान होगा। नगर निगम चुनाव में इस बार 682 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। चुनाव आयोग की टीम द्वारा प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें से 19 प्रत्याशियों के नॉमिनेशन कैंसिल कर दिए गए। इससे प्रत्याशियों की संख्या घटकर 663 रह गई थी। शनिवार को नाम वापसी का दिन था। 216 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। अब कुल 447 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद पार्षद के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नामों की स्थिति साफ हो गई है। पार्टी से टिकट लेने वाले और निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रचार तेज कर दिया है। पुलिस प्रशासन अब मतदान वाले दिन को लेकर तैयारियों में जुटा है। पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा चाकचौबंद की जाएगी।


