झारखंड में कंबल वितरण को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इस मामले की जांच की मांग की है। विधायक का आरोप है कि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित किए जा रहे कंबलों की गुणवत्ता बेहद खराब है। कंबलों को धोया जाए तो ये और भी ज्यादा खराब हो जाएंगे सरयू राय ने बताया कि इस बार कंबल वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले जहां हर जिले में स्थानीय स्तर पर कंबलों की खरीद होती थी, वहीं इस बार राज्य के सभी 24 जिलों के लिए कंबलों की आपूर्ति रांची से की जा रही है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बांटे जा रहे कंबल इतने हल्के और घटिया क्वालिटी के हैं कि वे पुराने कपड़ों के धागों से बने प्रतीत होते हैं। यहां तक कि अगर इन कंबलों को धोया जाए तो ये और भी ज्यादा खराब हो जाएंगे। 2018 में भी सरयू राय ने इस मुद्दे को उठाया था यह पहली बार नहीं है जब सरयू राय ने कंबल घोटाले का मुद्दा उठाया है। इससे पहले 2018 में भी उन्होंने इस मुद्दे को उठाया था। विधायक का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में वितरित किए जा रहे कंबलों की गुणवत्ता तो फिर भी ठीक-ठाक है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में स्थिति चिंताजनक है। सरयू राय ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस घोटाले पर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह जनता के साथ बड़ा अन्याय होगा।


