तेलंगाना में ATM काटकर भागे 3 बदमाश ग्वालियर में दबोचे:मेहरा टोल पर बोलेरो कार के साथ पकड़े गए, तेलंगाना पुलिस को सौंपे जाएंगे आरोपी

तेलंगाना में एटीएम काटकर भागे तीन शातिर बदमाशों को ग्वालियर पुलिस ने सीमा में प्रवेश करते ही धर दबोचा है। ग्वालियर पुलिस ने तेलंगाना पुलिस से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर मेहरा टोल बैरियर पर बलेनो कार क्रमांक ( HR72 K 8670) में सवार तीनों आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर तेलंगाना पुलिस उन्हें लेने के लिए ग्वालियर रवाना हो गई है। ग्वालियर के पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह ने बताया कि बदमाश नीले रंग की बोलेरो कार में सवार थे। तेलंगाना से सूचना मिलते ही मेहरा टोल प्लाजा पर आधी रात को घेराबंदी की गई और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान हरियाणा के नूंह और तेलंगाना के हैदराबाद के निवासियों के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों में 26 वर्षीय वाजिव पुत्र अब्दुल गफूर निवासी बड़ागांव, थाना नूंह, जिला नूंह (हरियाणा), 40 वर्षीय अब्दुल्ला पुत्र मजीद खान निवासी वादिली गांव, थाना पुन्हाना, जिला नूंह (हरियाणा) और 23 वर्षीय आमिर पुत्र रशीद अंसारी निवासी अलवल, थाना अलवल, जिला मेडचल, हैदराबाद (तेलंगाना) शामिल हैं। ग्वालियर पुलिस इनके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से कटर, ब्लेड पेजकश,चाबी, टॉमी और अन्य औजार मिले। पूछताछ में तीनों बदमाशों ने तेलंगाना में एटीएम काटने की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग आमतौर पर सर्दियों में ही ऐसी वारदातों को अंजाम देती है। आरोपियों को पकड़े जाने के बाद ग्वालियर पुलिस ने तत्काल तेलंगाना पुलिस को सूचना दी। तेलंगाना पुलिस सूचना मिलते ही ग्वालियर के लिए रवाना हो गई और गुरुवार रात तक ग्वालियर पहुंचने की उम्मीद है। वे तीनों बदमाशों को लेकर वापस तेलंगाना के लिए रवाना होंगे। ग्वालियर पुलिस का मानना है कि इन बदमाशों की गिरफ्तारी से शहर में संभावित एटीएम कटिंग की कई वारदातें टल गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *