कटनी में मंत्री विजयवर्गीय के बयान पर विरोध प्रदर्शन:युवा कांग्रेस ने पुतला जलाया, इंदौर दूषित पानी मामले में सरकार पर लापरवाही का आरोप

इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित बयान पर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में कटनी जिले के बड़वारा में युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को मंत्री विजयवर्गीय का पुतला फूंका और जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे बड़वारा थाना तिराहे पर हुआ। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ नारे लगाए। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर इंदौर में दूषित पानी के कारण बच्चों और नागरिकों की जान जा रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार के जिम्मेदार मंत्री असंवेदनशील बयान दे रहे हैं। उन्होंने सरकार पर जनता के स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। इसराइल ने ऐसे मंत्री और मुख्यमंत्री से नैतिक आधार पर तुरंत इस्तीफा देने की मांग की। युवा कांग्रेस ने पुतला दहन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी कि यदि जनता की बुनियादी सुविधाओं और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही जारी रही, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास है। इस विरोध प्रदर्शन में बड़वारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास निगम, युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *