धार में 10 लाख रुपए के लिए पत्नी से मारपीट:जान से मारने की धमकी, सास-ससुर ने भी प्रताड़ित किया; केस दर्ज

धार के मगजपुरा क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता को उसके पति और ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोपियों पर 10 लाख रुपए दहेज मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। महिला थाना धार में इस संबंध में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 10 मई 2023 को मगजपुरा निवासी धीरज पिता दौलत राम लश्करी से हुई थी। शादी के समय पीड़िता के परिवार ने अपनी क्षमतानुसार दहेज दिया था। हालांकि, शादी के महज छह महीने बाद ही पति और ससुराल वालों की नीयत बदल गई और उन्होंने पीड़िता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पति, सास-ससुर पर प्रताड़ित करने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, पति धीरज, ससुर दौलत राम लश्करी और सास सुशीला लश्करी उस पर लगातार 10 लाख रुपए दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। रकम न लाने पर उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे कई बार जान से मारने की धमकी दी। दहेज प्रताड़ना में पीड़िता की ननंद दिव्या पति राजेंद्र लश्करी, निवासी मगजपुरा, और प्रीति पति विजय यादव, निवासी देवास, भी शामिल थीं। पीड़िता के परिवार वालों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं सुनी। अंततः पीड़िता को घर से निकाल दिया गया। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी धीरज पिता दौलत राम लश्करी, सुशीला पति दौलत राम लश्करी, दिव्या पति राजेंद्र लश्करी और प्रीति पति विजय यादव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी क्लेयर डामोर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *