बड़वानी जिले के पलसूद में एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान दानोद निवासी करम सिंह पिता सुमारिया के रूप में हुई है। परिजनों ने करम सिंह की हत्या की आशंका जताई है। यह शव पलसूद नगर से करीब 10 किलोमीटर दूर राजपुर-पलसूद मार्ग पर स्थित चिंदी घाटी में एक पुलिया के नीचे मिला। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर और पलसूद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।


