हजारीबाग शहर के हूरहुरु तालाब में नए साल की देर शाम एक 24 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शंभू राणा के रूप में हुई है, जो सरदार चौक स्थित विष्णु मंदिर गली, बड़ाबाजार थाना क्षेत्र का निवासी था। स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों के अनुसार, शंभू राणा नए साल के जश्न के दौरान कथित तौर पर नशे की हालत में था। आशंका जताई जा रही है कि नशे के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिर गया। यह घटना देर शाम की बताई जा रही है, जिस कारण किसी ने उसे तालाब में गिरते हुए नहीं देखा। माना जा रहा है कि युवक काफी देर तक पानी में डूबा रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ाबाजार थाना पुलिस को सूचित किया गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तालाब में शव की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद आज सुबह युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हर पहलू से जांच की जा रही है।


