मैक्लोडगंज में हर महीने 40 लाख की मनी लॉन्ड्रिंग:बौद्ध संस्थान में बड़ा घोटाला, विदेशियों के दस्तावेज बनाने में हो रहा काले धन का इस्तेमाल

कांगड़ा जिले में धर्मशाला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज में स्थित एक तिब्बती बौद्ध संस्थान में बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें संस्थान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच में पता चला है कि संस्थान हर महीने चार कोर्स आयोजित करता है, जिनमें प्रति कोर्स 30-40 विदेशी पर्यटक भाग लेते हैं। प्रत्येक कोर्स से संस्थान को 1 से 1.5 लाख रुपए की नकद आय होती है। लेकिन यह राशि $20 हजार डॉलर से $30 हजार डॉलर में बदलकर बैंक में जमा की जाती है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संस्थान के खातों में वास्तविक संख्या से कहीं अधिक लोगों की एंट्री दिखाई जाती है। जहां वास्तविक प्रतिभागी 30-40 होते हैं, वहां रिकॉर्ड में 120-130 लोगों की एंट्री की जाती है, जिनमें से 80-90 नाम फर्जी होते हैं। इस तरह हर महीने लगभग 30-40 लाख रुपए का काला धन वैध किया जा रहा है। गंभीर चिंता का विषय यह है कि इस अवैध धन का इस्तेमाल विदेशी तिब्बतियों के लिए फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी जैसे दस्तावेज बनवाने में किया जा रहा है। इस पूरे मामले ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। संस्थान के पास नियमित रूप से चीनी, अमेरिकी और सिंगापुर डॉलर की उपलब्धता भी जांच का विषय बन गई है। एक महीने पहले ही मैक्लोडगंज में विदेशी करेंसी का अवैध धंधा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिससे 65 लाख रुपए से अधिक की विदेशी करेंसी बरामद की गई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरोपी जितेंद्र कुमार, पंजाब के गुरु रामदास नगर, जिला मोगा के निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने जितेंद्र कुमार से 59,970 यूएस डॉलर (लगभग 51 लाख 5 हजार 950 रुपए), 1300 कनाडा डॉलर (लगभग 76,804 रुपए), 565 इंग्लिश पाउंड (लगभग 60,025.6 रुपए), 1261 कुवैती दीनार (लगभग 3,47,790.86 रुपए) और 10,800 यूरो (लगभग 9,56,796.43 रुपए) बरामद कर जब्त किए थे। हालांकि, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। इसके अलावा 7 नवंबर को, धर्मशाला पुलिस ने गमरू निवासी राकेश कुमार को दिल्ली से धर्मशाला ट्रिप तारा वॉल्वो बस से 40 लाख रुपए नकद और ड्रग्स सहित गिरफ्तार किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *