भास्कर न्यूज | राजिम धर्म नगरी राजिम सहित पूरे क्षेत्र और अंचल में साल 2025 की विदाई और नववर्ष 2026 का स्वागत उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। 31 दिसंबर की आधी रात के बाद युवाओं ने आतिशबाजी कर नए वर्ष का अभिनंदन किया, वहीं परिवारों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर 2025 को भावपूर्ण विदाई दी। शहर “हैप्पी न्यू ईयर के घोष से गूंज उठा और जश्न का माहौल आतिशबाजी देर रात तक बना रहा। नववर्ष के प्रथम दिवस पर राजिम की धार्मिक पहचान एक बार फिर स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आई। प्रातःकाल से ही नगर के प्रमुख एवं प्राचीन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान के दर्शन-पूजन कर सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नगर के भगवान राजीव लोचन मंदिर, कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर, हनुमान मंदिर, राम-जानकी मंदिर, चम्पेश्वर महादेव, लक्ष्मणेश्वर महादेव सहित अन्य देवालयों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। वहीं त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर नववर्ष का शुभारंभ किया। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ लोगों ने नववर्ष को मंगल पिकनिक और पारिवारिक भ्रमण के रूप में भी मनाया।


