रामगढ़ जिले की पतरातू पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 16 मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसडीपीओ गोस्वामी ने बताया कि 2 जनवरी, 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू के तालाटांड स्थित पिकनिक स्पॉट पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी के इरादे से घूम रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया और थाने ले आई। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पहचान राज भुइयां उर्फ राजकुमार (लगभग 23 वर्ष) पुत्र विनोद भुइयां और सुमित कुमार (लगभग 21 वर्ष) पुत्र संजय गुझू के रूप में बताई। दोनों तालाटांड, पतरातू, रामगढ़ के निवासी हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने 31 दिसंबर, 2025 को बिरसा मार्केट स्थित एम.जेड. नामक मोबाइल दुकान से चोरी की थी। कटुआ कोचा के जंगल से चोरी का सामान बरामद गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कटुआ कोचा के जंगल से चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में 16 मोबाइल फोन, 14 हेडफोन, 1 स्मार्ट वॉच, 2 चार्जर और 3 ब्लूटूथ स्पीकर शामिल हैं। इस संबंध में पतरातू थाना में कांड संख्या 01/26, दिनांक 01.01.26 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 303(2) और 334(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पतरातू क्षेत्र के पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह और सब-इंस्पेक्टर शिवा कच्छप भी मौजूद थे।


