हजारीबाग पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर में ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी हजारीबाग के निर्देश पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। विष्णुगढ़ एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि तकनीकी शाखा को प्रतिबिंब ऐप पर प्राप्त शिकायतें और डेटा विश्लेषण से सूचना मिली थी कि विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के भेलवारा इलाके में एक सक्रिय साइबर गिरोह काम कर रहा है। यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से पैसे की ठगी करते थे यह गिरोह फर्जी वेबसाइटों पर एस्कॉर्ट सर्विस के विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद वे यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से पैसे की ठगी करते थे। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन भी इसी क्षेत्र में पाई गई थी। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने विष्णुगढ़-हजारीबाग रोड स्थित इंटर कॉलेज के पास देर रात करीब एक बजे एक कार को रोका। कार में सवार छह लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं और पूछताछ में उनके साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार, 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 10 डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में टिंकू रवानी, इंद्रदेव रवानी, कुंदन कुमार, मन्नू कुमार साव, सूरज कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं, जिनकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गिरोह और किन-किन जगहों पर सक्रिय है, किस प्रकार से लोगों को फंसाता था और अब तक कितने लोग इसका शिकार हो चुके हैं।


