शाजापुर जिले की जनपद पंचायत मोहन बड़ोदिया अंतर्गत ग्राम पंचायत जामन में सरपंच पद के उपचुनाव का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया। दिनेश पिता रोडू ने सतीश को हराकर सरपंच पद पर जीत दर्ज की। यह उपचुनाव पूर्व सरपंच रामप्रसाद मालवीय के निधन के बाद रिक्त हुए पद को भरने के लिए कराया गया था। उपचुनाव के लिए मतदान बीते 29 दिसंबर को आयोजित किया गया था। शुक्रवार सुबह 9 बजे शांतिपूर्ण माहौल में मतों की गणना संपन्न हुई। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ग्राम पंचायत जामन में कुल 679 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 589 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 86.75 दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया में वार्ड क्रमांक 1 से 10 तक के मतदाता शामिल हुए, जिनमें 352 पुरुष और 327 महिला मतदाता थे। किसे कितने मत मिले सरपंच पद के लिए दिनेश पिता रोडू और सतीश दो मुख्य प्रत्याशी थे। मतगणना के बाद, दिनेश पिता रोडू को 325 मत प्राप्त हुए, जबकि सतीश को 260 मत मिले। नोटा के पक्ष में 4 मत डाले गए। कुल 589 वैध मतों में से दिनेश पिता रोडू ने बहुमत हासिल कर सरपंच पद पर विजय प्राप्त की। इसी दौरान, मोहन बड़ोदिया के वार्ड क्रमांक 1 से पंच पद पर नितेश पाटीदार निर्विरोध निर्वाचित हुए। उन्हें शुक्रवार सुबह 11 बजे तहसीलदार एवं निर्वाचन अधिकारी दिव्या जैन द्वारा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।


