इंदौर में दूषित पानी से 15 मौतों के मामले में नगर निगम एडिशनल कमिश्नर रोहित सिसोनिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उन्हें इंदौर से हटा भी दिया है। उन्हें किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में उप सचिव के पद पर भेजा है। इसके बाद इंदौर नगर निगम में 3 नए IAS अधिकारी आकाश सिंह, प्रखर सिंह और आशीष पाठक को की नियुक्ति की गई है। इंदौर में सीएस अनुराग जैन की पसंद आईएएस अधिकारियों की ही तरजीह दी गई है। नए पदस्थ तीन अधिकारियों में दो डायरेक्ट है तो वहीं पाठक प्रमोटी आईएएस हैं। सीईओ खरगोन 2019 बैच के आईएएस आकाश सिंह को अपर आयुक्त इंदौर नगर निगम किया है। सीईओ अलीराजपुर 2020 बैच के IAS प्रखर सिंह को अपर आयुक्त इंदौर निगम पदस्थ किया है। उप परिवहन आयुक्त इंदौर 2020 बैच के आशीष पाठक को भी अपर आयुक्त इंदौर निगम किया है। खास बात यह है कि शासन ने अभी भी इंचार्ज सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस ले लिया है। एक ही चेहते व्यक्ति को निगमायुक्त ने सारे काम दे रखे
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रोहित सिसोनिया को घेरा था। उन्होंने लगातार कहा था कि एक ही चेहते व्यक्ति को निगमायुक्त ने सारे काम दे रखे हैं। इसके चलते सारे काम ठप हो गए हैं। अधिकारियों की कमी से ज्यादा सही तरीके से कार्य विभाजन की बात है, जो नहीं की गई है। इसके बाद एसीएस ने एक दिन इंदौर में रहकर सभी हालातों को समझा और फिर सीएम को रिपोर्ट दी। इसी रिपोर्ट के आधार पर सीएम ने यह निर्देश दिए हैं। जल्द ही दो-तीन नए अधिकारियों की नियुक्ति इंदौर में होगी। श्रीवास्तव भी साल 2007-08 से प्रतिनियुक्ति पर इंदौर नगर निगम में जल प्रदाय शाखा देख रहे हैं। केवल बीच में तीन-चार माह के लिए हटे थे बाकी फिर वहीं जमा हो गए थे। सीएम ने दिए थे आदेश
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर कहा है कि मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ इंदौर के दूषित पेयजल प्रकरण में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास के अपर मुख्य सचिव की रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई है। इंदौर नगर निगम आयुक्त और अपर आयुक्त को इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने, अपर आयुक्त को तत्काल इंदौर से हटाने और प्रभारी अधीक्षण यंत्री से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस लेने के निर्देश दिए हैं। इंदौर नगर निगम में आवश्यक पदों पर तत्काल प्रभाव से पूर्ति करने के निर्देश भी दिए हैं।


