गुना में शुक्रवार को अंबेडकर चौराहे पर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में तीखा विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकतार्ओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। दरअसल इंदौर में दूषित जल पीने से हुई मौतों और उसके बाद एक पत्रकार के सवाल पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विवादित शब्दावली को लेकर प्रदेश भर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। युवक कांग्रेस कार्यकर्ता के मफलर में आग लगी
पुतला दहन के दौरान चौराहे पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई, तैनात पुलिस बल ने जलते पुतले पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी और झड़प हुई। पुतले को पूरी तरह जलाने की कोशिश में युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता भी झुलस गए। प्रदर्शनकारी मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे और उनके आचरण को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बता रहे थे। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंचम भील के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने कहा कि एक तरफ इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार मंत्री संवेदनशीलता दिखाने के बजाय पत्रकारों से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। प्रदर्शन में पार्षद तरुण सेन पूर्व अध्यक्ष आर्यन सेंड़ो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


