बालाघाट पुलिस ने शुक्रवार को शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों का जुलूस निकाला। आरोपियों ने अपने अपराध की माफी मांगी और नुकसान की भरपाई करने का वादा किया। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए गुंडागर्दी करने वालों को सख्त संदेश दिया है। ट्रैक्टर एजेंसी के चौकीदार के साथ मारपीट 31 दिसंबर की रात ट्रैक्टर एजेंसी के सुरक्षाकर्मी संजय कावरे के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की गई थी। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वार्ड नंबर 32 के विकास मेश्राम और भटेरा के लकी उर्फ पलाश डहाके को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को आरोपियों का शहर की सड़कों पर जुलूस निकाला गया। उन्हें घटनास्थल पर लाकर चौकीदार से माफी मंगवाई गई। आरोपियों ने तोड़फोड़ से हुए नुकसान की भरपाई करने की बात भी कही। बुजुर्ग पर किया था हमला 1 जनवरी की रात शहर के वार्ड नंबर 3 में एक मुस्लिम बुजुर्ग पर तलवार से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने शोएब नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे भी शुक्रवार को जुलूस निकालकर पैदल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों को सबक सिखाना और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।


