मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर स्थित बौद्ध कुटीर के पास एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय किशोरी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्चुरी भिजवाया गया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें किशोरी ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। मृतका की पहचान निष्ठा गोस्वामी (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निष्ठा अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। परिजनों ने जब उसे आवाज दी और दरवाजा नहीं खुला तो किसी अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर निष्ठा को फंदे पर लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मोहन नगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भेजा। मौके से मिले सुसाइड नोट में निष्ठा ने लिखा है—“सॉरी मम्मी-पापा”, साथ ही अपने इस कदम के लिए माता-पिता से माफी मांगी है। हालांकि सुसाइड नोट में आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोरी किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक या अन्य किसी परेशानी से गुजर रही थी या नहीं। पुलिस निष्ठा की स्कूल लाइफ, दोस्तों और हालिया गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मोहन नगर थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


