अरावली में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 50 वाहन जब्त:50 लाख से अधिक जुर्माना वसूला, 7 FIR दर्ज

जयपुर जिले में अरावली पर्वतमाला क्षेत्र की पारिस्थितिकी के संरक्षण और अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर पिछले पांच दिनों के दौरान खनिज विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान के तहत अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। खनिज अभियंता श्याम चौधरी ने बताया- संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में काम में लिए कुल 50 वाहन जब्त किए गए, जिनमें 02 एक्सकेवेटर मशीन, 14 डंपर और 34 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुल 46 मामले दर्ज किए गए, जिनसे 50 लाख 36 हजार रुपए की शास्ति राशि वसूल कर राजकोष में जमा कराई गई। इसके अतिरिक्त, अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाना शिवदासपुरा में एक, कोटखावदा में दो, चाकसू में तीन और कानोता में एक, कुल सात एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई हैं। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अरावली क्षेत्र की पारिस्थितिकी को क्षति पहुंचाने वाले किसी भी प्रकार के अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त एवं सघन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *