बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में पुरोहित समाज की सभा कल

भास्कर न्यूज | सरायकेला बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचार और हिंसक घटनाओं के विरोध में उत्कलीय पुरोहित समाज की ओर से एक विरोध सभा का आयोजन रविवार को शाम 5:00 बजे किया जाएगा। यह सभा जिला मुख्यालय सरायकेला स्थित पब्लिक दुर्गा पूजा मंडप परिसर में आयोजित होगी। उक्त जानकारी उत्कलीय पुरोहित समाज के अध्यक्ष घासी नाथ सतपति ने दी। अध्यक्ष घासी नाथ सतपति ने बांग्लादेश में घटित घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी समाज या धर्म के लोगों पर इस प्रकार के अत्याचार मानवता के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे हमलों, धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने और भय का माहौल बनाने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उत्कलीय पुरोहित समाज इस प्रकार की घटनाओं का पूर्ण रूप से विरोध करता है। उन्होंने बताया कि सभा के माध्यम से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा, धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा की मांग की जाएगी। साथ ही शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया जाएगा। घासी नाथ सतपति ने जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और धर्मप्रेमी लोगों से अपील की है कि वे रविवार को शाम 5:00 बजे अधिक से अधिक संख्या में पब्लिक दुर्गा पूजा मंडप पहुंचकर इस सभा में शामिल हों और अपना समर्थन दें। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता से ही पीड़ितों के पक्ष में मजबूत संदेश दिया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *