शुक्रवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला नजर आया। बीते कई दिनों से घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जूझ रहे लोगों को आज सुबह से खिली धूप ने बड़ी राहत दी। सुबह होते ही आसमान साफ दिखाई दिया और सूरज की किरणों के निकलते ही ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी रौनक लौट आई। पिछले कुछ दिनों से लगातार पड़ रहे घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। सुबह के समय विजिबिलिटी घटकर 10 से 15 मीटर तक रह जा रही थी। जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था। वहीं ट्रेन और बस परिचालन भी प्रभावित हो रहा था। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन शुक्रवार को मौसम साफ होने से लोगों ने राहत की सांस ली। नीचे की ओर चल रही हवाएं, इसलिए यहां तक नहीं पहुंच रही हैं : डॉ. आशोक कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि अभी पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय हो गया है। इसके कारण जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और साथ ही साथ पंजाब, हरियाणा और कुछ राजस्थान के पार्ट में हल्की वर्षा और ऊपर में बर्फबारी हो रही है। उसके कारण थोड़ी सी ठंड हवाएं नीचे की तरफ आ रही है। जिसके कारण जो मौसम नमी लिए हुए बंगाल की खाड़ी की तरफ से जो हवा चल रही थी। वह अब रुक गई है। ऊपर से उत्तर से दक्षिण और पूर्व की तरफ हवा निकल रही है। जिसके कारण कोहरा छटा है। वहीं धूप मिला है, लेकिन दिन में धूप रहेगा और रात में सर्दी बढ़ेगी। दिन का टेंपरेचर थोड़ा सा बढ़ेगा, लेकिन रात का घटेगा। आधी रात के बाद गलन वाली सर्दी पड़ेगी। टेंपरेचर रात का डाउन जाएगा। वहीं दिन का टेंपरेचर अप जाएगा। अगर हल्की-फुल्की बारिश हो जाए तो सर्दी और बढ़ सकती है। यह स्थिति एक सप्ताह रहने का अनुमान है। एक सप्ताह के बाद पश्चिमी विक्षोभ जैसा टर्न लेगा, वैसा मौसम होगा। सुबह से ही धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री बढ़ा है। आज शुक्रवार को गढ़वा जिला का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंडी हवाओं का असर कम रहा। लोग घर से बाहर निकलते नजर आए। धूप निकलते ही लोग छतों, आंगन और खुले स्थानों पर बैठकर धूप सेकते दिखे। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह मौसम काफी सुकून भरा रहा। मौसम साफ होते ही शहर के बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। सब्जी मंडी, चौक-चौराहों और दुकानों पर ग्राहकों की संख्या में इजाफा देखा गया। दुकानदारों का कहना है कि कोहरे और ठंड के कारण बीते दिनों बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ था। लेकिन शुक्रवार को धूप निकलते ही खरीदारी के लिए लोग घरों से बाहर निकले। इससे व्यापार को भी कुछ राहत मिली। जिला में दो दिन सामान्य मौसम के बाद सोमवार से मौसम का मिजाज फिर से बदलेगा। पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसी तरह मंगलवार को भी 6 डिग्री 19 डिग्री, बुधवार को 7 डिग्री व 22 डिग्री तथा गुरुवार को 9 डिग्री व 21 डिग्री सेल्सियस टेंपरेचर रहने की उम्मीद है।


