गुरु गोबिंद सिंह जी के उपदेशों से गूंजा नगर कीर्तन का मार्ग, गतका टीमों ने बढ़ाई शोभा

भास्कर न्यूज | लुधियाना दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा मॉडल टाउन एक्सटेंशन से एक विशाल और भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ सजाया गया। सुबह से ही इलाके में धार्मिक माहौल देखने को मिला और संगत बड़ी संख्या में नगर कीर्तन में शामिल हुई। इस अवसर पर गुरु कृपा लहर पंजाब सेवा सोसायटी के बच्चों ने भी नगर कीर्तन में विशेष रूप से हिस्सा लिया। बच्चे बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे लगाते हुए हाथों में दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी के उपदेश लिखी तख्तियां लेकर नगर कीर्तन में चल रहे थे। उनके पीछे पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब जी की सजी हुई सवारी चल रही थी, जिसे फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान इंदरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा श्री सिंह सभा मॉडल टाउन एक्सटेंशन से हुई। यह नगर कीर्तन कृष्ण मंदिर रोड, इश्मीत चौक, गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल रोड, शास्त्री नगर, मिंटघुमरी चौक, मॉडल टाउन गोल मार्केट और चार खंभा रोड से होता हुआ पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में संगत द्वारा नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया। नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाने के लिए हाथी, घोड़े, बैंड-बाजा, गतका टीमें और स्त्री सत्संग सभा भी शामिल हुईं। गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी के पीछे स्त्री सत्संग सभा की सदस्यों ने वाहो-वाहो गोबिंद सिंह आपे गुर चेला, तुम शरणाई आया ठाकुर जब से दर्शन पाया ठाकुर और पटना वासी गुरु गोबिंद सिंह जैसे शबदों का सिमरन किया। वहीं महिलाओं ने मिलकर झाड़ू की सेवा भी निभाई, जिसे संगत ने खूब सराहा। नगर कीर्तन के दौरान जगह-जगह संगत की ओर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। इस धार्मिक आयोजन में शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान भूपिंदर सिंह भिंदा, हरप्रीत सिंह ढंग और अमरजीत सिंह हैप्पी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *