भास्कर न्यूज| बलांगीर जहां पूरा देश नए साल के स्वागत में जश्न, पार्टी और पिकनिक में डूबा था, वहीं ओडिशा के बलांगीर में सेवा और संवेदना की एक अनुपम मिसाल पेश की गई। विशिष्ट समाजसेवी बजरंग अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी लक्ष्मी देवी ने नए वर्ष की शुरुआत किसी तामझाम के बजाय 700 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन कराकर की। सहयोग फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में गरीब, असहाय और अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को ससम्मान भोजन कराया गया। ठंडी रात में जरूरतमंदों को गरम रोटी, स्वादिष्ट सब्जी और पौष्टिक खीर परोसी गई। यह आयोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं था, बल्कि इसमें सम्मान और करुणा का भाव भी शामिल था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि नए साल के अवसर पर अन्नदान करना सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने अग्रवाल परिवार की सराहना करते हुए कहा कि सच्ची खुशी दूसरों की सेवा में ही निहित है और यह परिवार समाज के लिए एक प्रेरणा है। इस पुण्य कार्य में बजरंग अग्रवाल का पूरा परिवार, सहयोग फाउंडेशन के सदस्य और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने स्वयं खड़े होकर सभी को प्रेमपूर्वक भोजन परोसा। सहयोग फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से जिला मुख्यालय अस्पताल परिसर में निरंतर सेवा कार्य कर रहा है। हर रविवार को दिन में चावल, दाल, अंबिला। प्रत्येक रविवार रात को रोटी और सब्जी का वितरण करते है। हर साल हजारों बेसहारा और जरूरतमंद लोग इस सेवा से लाभान्वित हो रहे हैं।


