सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगे नेशनल गेम्स

भास्कर न्यूज | लुधियाना पीएयू में होने वाले नेशनल गेम्स को लेकर एडीसी जनरल राकेश कुमार ने शुक्रवार को अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ एडमिनिस्ट्रेटिव कॉम्प्लेक्स में बैठक की। इसमें 6 से 11 जनवरी तक लुधियाना में होने वाले 69वें नेशनल स्कूल गेम्स के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। रहने, खाने, सुरक्षा, मेडिकल सेवाओं और ट्रांसपोर्टेशन के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों और विद्या भारती स्कूलों सहित अन्य संगठनों के 3,000 से ज़्यादा खिलाड़ी तीन खेलों में हिस्सा लेंगे। इसमें ताइक्वांडो अंडर-14 लड़कियां, जूडो अंडर-14 लड़के और लड़कियां और गतका अंडर-19 लड़के, लड़कियां शामिल हैं। मैच अलग-अलग जगहों पर होंगे, जिनमें गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, ओपन एयर थिएटर पीएयू, बीसीएम स्कूल शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ सुरक्षा के लिए पुलिस कंट्रोल रूम पीसीआर टीमों को तैनात करने का भी निर्देश दिए। एडीसी ने इस बात पर जोर दिया कि इस इवेंट की सफलता के लिए सभी व्यवस्थाओं की योजना बनाई जानी चाहिए और उन्हें लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह खेल उभरते हुए एथलीटों के लिए अपने कौशल दिखाने का एक महत्वपूर्ण अवसर हैं। सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए एजुकेशन और स्पोर्ट्स विभाग से प्रभावी ढंग से सहयोग करने को कहा। अधिकारियों को खिलाड़ियों के रहने और यात्रा से संबंधित लॉजिस्टिक्स की व्यक्तिगत रूप से देखरेख करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. प्रगति वर्मा, पायल गोयल, एमसी असिस्टेंट कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों, डीईओ डिंपल मदान, डीएसओ कुलदीप चुघ और अन्य शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *