मौसम विभाग:दोपहर 12 बजे तक नहीं दिखा सूरज, कोहरे से विजिबिलिटी घटी, रात का पारा 5 डिग्री गिरा

बाड़मेर में अचानक हुई मावठ की बारिश से सर्दी तेज हो गई है। 2025 की विदाई की रात के साथ ही हुई तेज बारिश के बाद पिछले दो दिनों से बाड़मेर में धूजणी छूट रही है। हाल ये है कि घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी हुई है। सुबह चारों ओर घना कोहरा था। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चले। वहीं दोपहर 12 बजे तक तो सूरज ही नहीं दिखा। घने कोहरे के कारण सर्दी बढ़ गई। इससे लोग देर सुबह तक घरों में ही रहे। दिनभर चली शीत लहर की वजह से से जनजीवन प्रभावित रहा। नव वर्ष पर हुई बारिश से शुक्रवार का अधिकतम पारा 21.0 और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन और रात था। पहली बार रात का पारा 10 डिग्री के अंदर पहुंचा है। मावठ की बारिश के बाद शीतलहर चलने से शुक्रवार को खुलने वाली कई निजी स्कूलों में अगले दो दिन तक छुट्टियां बढ़ा दी है। वहीं कई स्कूलों में रविवार तक छुट्टियां घोषित है। इन दिनों कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी हो रही है। शुक्रवार को सुबह चारों ओर छाए घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। कई स्थानों पर तो वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे का असर इतना गहरा रहा कि दोपहर करीब 12 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो सके। शीत लहर की वजह से हवा ठंडा होने से ज्यादा चुभने लगी। शीत लहर का असर जनजीवन पर भी पड़ा। 1 जनवरी को दिन का पारा 24.0 और रात का 14.06 डिग्री था, जबकि 2 जनवरी को यह तापमान घट कर दिन में 21 और रात में 9.8 डिग्री पर आ गया। एक ही दिन में 5 डिग्री तक रात के पारे में गिरावट आई है। आगे क्या: मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और नमी के कारण आने वाले कुछ दिनों तक सुबह-शाम कोहरा और ठंड बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। वहीं रबी फसलों के लिए ये सर्दी फायदेमंद है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रखें और हेड लाइट जलाकर गुजरें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *