उमरिया के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला जोन में एक बार फिर बाघों का अनोखा और रोमांचक व्यवहार देखने को मिला। सफारी पर निकले पर्यटकों को उस समय एक दुर्लभ नजारा देखने को मिला, जब एक बाघ वन मार्ग के किनारे खड़ा होकर मुंह ऊपर उठाते हुए सूंघता नजर आया। यह दृश्य कुछ समय तक चला, जिसके बाद बाघ शांति से सड़क पार कर जंगल की दूसरी ओर चला गया। बाघ को इस अवस्था में देखकर मार्ग के दोनों ओर चल रही जिप्सियां रुक गई और पर्यटक उत्सुकता से इस प्राकृतिक व्यवहार को निहारते रहे। पर्यटकों ने सफारी के दौरान बनाया वीडियो यह पूरा दृश्य पर्यटकों के कैमरों में कैद हो गया, जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया। जानकारी के अनुसार, यह फ्लेहमेन प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया के माध्यम से बाघ अपने क्षेत्र में मौजूद अन्य बाघ या बाघिन की गंध पहचानता है। यह व्यवहार विशेष रूप से प्रजनन और क्षेत्रीय गतिविधियों से जुड़ा होता है। सफारी पर मौजूद पर्यटक चेतन घारपुरे ने बताया कि बाघ की इस दुर्लभ प्रक्रिया को देखकर वे बेहद रोमांचित हो गए। उन्होंने कहा कि बांधवगढ़ की सफारी हर बार कुछ नया और अनोखा अनुभव देती है, जो इसे दुनिया के प्रमुख टाइगर रिजर्व में खास बनाती है।


