पृथ्वीपुर स्वास्थ्य केंद्र में केंद्रीय मंत्री का औचक निरीक्षण:डॉक्टरों की कमी, एक्स-रे मशीन बंद पर दिए सख्त निर्देश, बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं

पृथ्वीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शुक्रवार रात केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, बंद पड़ी एक्स-रे मशीन और अन्य अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर मंत्री ने सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्टाफ ने मंत्री को बताया कि ग्वालियर के डॉक्टर गौरव शर्मा सप्ताह में केवल एक बार ही पृथ्वीपुर अस्पताल आते हैं। इस पर मंत्री डॉ. खटीक ने इस व्यवस्था को अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि रोज-रोज ग्वालियर से पृथ्वीपुर आना संभव नहीं है। उन्होंने वैकल्पिक समाधान निकालने के निर्देश दिए। टेक्नीशियन और डेंटिस्ट की नियुक्ति के निर्देश दिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन टेक्नीशियन के अभाव में लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है। मंत्री ने सीएमएचओ से तत्काल चर्चा कर टेक्नीशियन और डेंटिस्ट की नियुक्ति के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में वर्षों से पड़े स्क्रैप को देखकर मंत्री ने उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए, क्योंकि इससे अस्पताल की छवि खराब हो रही थी। उन्होंने ड्रेसिंग रूम की दीवारों में सीलन और गंदगी पर भी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल साफ-सफाई के आदेश दिए। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *