नगर निगम ने हाउस टैक्स ₹432 से 1.60 लाख किया:लखनऊ में महिला रोकर बोली- वाटर टैक्स के दो बिल बना दिए, 76 शिकायतें मिलीं

लखनऊ में शुक्रवार को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें टैक्स असेसमेंट को लेकर परेशान लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। टिकैत राय गंज चौराहे से आई शालिनी ने बताया कि उनका हाउस टैक्स 432 रुपए से बढ़ाकर 1 लाख 60 हजार कर दिया गया। बुजुर्ग पार्वती ने बताया- 27 हजार से ज्यादा हाउस टैक्स आया है। साल के पहले समाधान दिवस पर लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए नगर आयुक्त गौरव कुमार और मेयर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं। इस दौरान कई लोग ऐसे भी रहे, जिनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते वो निराश दिखे। लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा-हमारा प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण पारदर्शी, न्यायसंगत और समयबद्ध ढंग से किया जाए। गृहकर एवं जलकर से संबंधित आपत्तियों का समाधान कर आम नागरिकों को राहत देना हमारी प्राथमिकता है। ससुराल का मामला हुआ हल मोहम्मद अजीम ने बताया- वह अपने ससुराल से जुड़ा मामला लेकर आए हैं। बाबू बनारसी दास वार्ड में उनकी ससुराल है। वहां हाउस टैक्स 14 हजार के करीब आया था। जो बेहद ज्यादा था, यहां आने के बाद जब कागज दिखाए तब इसे काफी कम कर दिया गया। अब 3 हजार की करीब हो गया है। कुल मिलाकर समस्या का समाधान मिल गया। टिकैत राय गंज चौराहे से आई शालिनी ने बताया- पहले मेरे यहां हाउस टैक्स 432 रुपए आता था। असेसमेंट करके 1 लाख 60 हजार कर दिया है। यहां आने के बाद साढ़े 6 हजार जमा किया है। 20 समाधान दिवस में पहुंचे पर नहीं मिली राहत जानकीपुरम द्वितीय से पहुंचे दिनेश चंद्र तिवारी ने बताया- उनका गेस्ट हाउस है। उस पर अवैध तरीके से 41 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया गया। कम से कम 20 बार समाधान शिविर में आ चुके हैं, अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बुजुर्ग महिला पार्वती ने बताया- मेहंदी गंज में रहते है। मेरे ससुर के नाम मकान है। 27 हजार से ज्यादा हाउस टैक्स आया है। घर में अकेला सिर्फ एक लड़का है, वो भी बीमार रहता है। कैसे इतना ज्यादा टैक्स भर पाएंगे। इसलिए यहां आई थी। कल्याणपुर के अजीत कुमार यादव ने बताया- एक घर पर जल संस्थान की ओर से डबल आईडी जारी कर दी गईं। मां किरण और पिता रामधन के नाम पर पर दो-दो वाटर टैक्स आ रहे हैं। जबकि, पिताजी की मौत हो गई है। 23,751 रुपए का पानी का बिल पिताजी के नाम पर भी भेज दिया। समाधान शिविर में 76 शिकायतें मिलीं संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान नगर निगम के विभिन्न जोनों से गृहकर एवं जलकर से संबंधित कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें गृहकर से संबंधित 60, जलकल से संबंधित 16 आपत्तियां शामिल थीं। जोन-1 से 25, जोन-2 से 5, जोन-3 से 5, जोन-4 से 1, जोन-5 से कोई आपत्ति नहीं, जोन-6 से 11, जोन-7 से 11 तथा जोन-8 से 2 आपत्तियां प्राप्त हुईं। GIS सर्वे पर सुनवाई हुई GIS सर्वेक्षण के उपरांत कर निर्धारण से संबंधित शिकायतों पर मौके पर ही सुनवाई की गई। शिकायतकर्ता अनिल कुमार गोबिल, जानकीपुरम सेक्टर-एफ का GIS के अनुसार वार्षिक मूल्य 44,280 रुपए निर्धारित किया गया था, जिसे निस्तारण के पश्चात घटाकर 21,262 रुपए कर दिया गया। इसी प्रकार हुसैनाबाद निवासी गजन्फर नवाब के मामले में वार्षिक मूल्य 14,625 रुपए से घटाकर 11,025 रुपए निर्धारित किया गया। समाधान दिवस के दौरान नागरिकों की अन्य समस्याओं- जैसे सफाई व्यवस्था, सड़कों एवं गलियों की मरम्मत, सीवर लाइन एवं ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा उठान से संबंधित शिकायतों पर भी अधिकारियों द्वारा संज्ञान लिया गया। शिविर में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, जोनल अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, पार्षद एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। …………………………… संबंधित खबर पढ़िए नए साल की दूसरे दिन जबरदस्त शीत लहर: सुबह कोहरा छाया, दोपहर में हवा चल रही, तापमान 7°C पहुंचा; अगले 48 घंटे में गलन और बढ़ेगी नए साल की सुबह ही धूप निकला जिससे ठंड से हल्की राहत मिली। उसके दूसरे दिन शुक्रवार 2 जनवरी की सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुबह 7 बजे तक विजिबिलिटी 100 मीटर रही। मौसम विभाग के अनुसार दिन में धूप निकलेगी। अगले 48 घंटे में गलन और बढ़ जाएगी। यहां पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *