बैतूल में लोगों को कड़ाके की ठंड से भले ही मामूली राहत मिली हो, लेकिन घना कोहरा परेशानी का कारण बना हुआ है। सुबह के समय कोहरे की चादर के कारण विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई, जिससे सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के वक्त घने कोहरे के कारण हाईवे और शहर की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कम दृश्यता के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रही, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। पांच दिन में 4 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान पिछले पांच दिनों में जिले के न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 28 दिसंबर को रात का तापमान 8.5 डिग्री था, जो बढ़कर अब 12.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। नए साल की शुरुआत के साथ ही तापमान दो अंकों में पहुंचा, जबकि 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया था। पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। आने वाले दिनों में घने कोहरे के साथ शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति फिर बनने की संभावना जताई गई है। फसलों पर पड़ सकता है असर, किसानों को सलाह घने कोहरे और धूप न निकलने से खेतों में नमी बनी रहने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण चना, मसूर और गेहूं जैसी रबी फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सुबह के समय सिंचाई और दवाओं के छिड़काव से बचने की सलाह दी है।


