एक्टर आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी सड़क हादसे में घायल:गुवाहाटी के जू रोड इलाके में तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारी

बॉलीवुड एक्टर आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी रूपाली बरुआ शुक्रवार देर रात गुवाहाटी के जू रोड इलाके में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 12 बजे द गुवाहाटी एड्रेस होटल के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार एवेंजर बाइक ने सड़क पार करते समय दोनों को टक्कर मार दी। बाइक चांदमारी की तरफ से तेज गति में आ रही थी। टक्कर के बाद एक्टर और उनकी पत्नी को चोटें आईं। बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही गीतानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बाइक सवार को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी का भी इलाज कराया गया। बताया गया है कि दंपती होटल के रेस्टोरेंट में डिनर के बाद बाहर निकले थे। उसी दौरान सड़क पार करते समय यह हादसा हुआ। बता दें कि आशीष विद्यार्थी का फिल्मी करियर चार दशक से भी ज्यादा लंबा रहा है। उन्होंने 11 से अधिक भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। करियर की शुरुआत उन्होंने 1986 में कन्नड़ फिल्म आनंद से की थी। हिंदी सिनेमा में उन्हें 1994 की फिल्म द्रोहकाल से पहचान मिली, जिसके लिए उन्हें 1995 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। आशीष विद्यार्थी को उनकी दमदार खलनायक और चरित्र भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। 1942: ए लव स्टोरी, वास्तव, कहो ना… प्यार है, बर्फी! और हैदर जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। एक्टिंग के अलावा वे मोटिवेशनल स्पीकर और लोकप्रिय फूड व ट्रैवल व्लॉगर भी हैं। वह अपने यूट्यूब चैनल पर असम और पूर्वोत्तर के अलग-अलग इलाकों के वीडियो पोस्ट करते रहते हैं। उनके चैनल पर इस समय करीब 24 लाख सब्सक्राइबर हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *