सिंगरौली में शनिवार को युवक कांग्रेस ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौराहा पर मंत्री का पुतला दहन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इंदौर की घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों की मौतें शासन-प्रशासन की सीधी विफलता है। नेताओं ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। सरकार बयानबाजी छोड़कर जवाबदेही तय करे युवक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह सिंसोधिया उर्फ सोनू ने कहा, “इंदौर में लोगों की मौतें दुखद हैं। ऐसे संवेदनशील मामले में मंत्री का बयान पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। सरकार को बयानबाजी छोड़कर जवाबदेही तय करनी चाहिए।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा, “दूषित पानी से मौतें होना सिस्टम की नाकामी है। सरकार सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ सकती। मंत्री का बयान असंवेदनशील है और इसे वापस लेकर पीड़ित परिवारों से माफी मांगी जानी चाहिए।” प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटी बजाकर विरोध जताया। उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही भोपाल जाकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को घंटी सौंपेंगे, ताकि सरकार को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराया जा सके। इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, युवक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह सिंसोधिया सहित दो दर्जन से अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


