पुलिस ने नए साल के पहले ही दिन हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का महज़ 24 घंटों के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना पुलिस ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपी को दबोचा, बल्कि उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य का चोरीशुदा माल भी बरामद कर लिया है। कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि सोयल (21) पुत्र सलाउदीन, निवासी वार्ड नंबर 19, इस्लाम नगर झुंझुनूं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी सोयल महज 21 साल का है लेकिन उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले भी थाना सदर में उसके खिलाफ साल 2024 में चोरी के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपी ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, भारतीय एवं सऊदी रियाल मुद्रा और मोबाइल फोन चोरी कर ली थी। थानाधिकारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला। विशेष टीम के सदस्य कांस्टेबल संदीप पूनिया को प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सोयल को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। यह था मामला परिवादी फारूक ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि वह 29 दिसंबर को अपने परिवार के साथ जयपुर, आगरा और अजमेर घूमने गए थे। जब वे 1 जनवरी की सुबह वापस लौटे, तो घर के ताले टूटे मिले। आलमारी से एक बैग में रखे सोने के दो सेट, चांदी के आभूषण, 1900 सऊदी रियाल, 6500 भारतीय रुपये और मोबाइल फोन गायब थे।


