भाजपा का जागरूकता अभियान 7 से:विकसित भारत जी-राम-जी योजना के बारे में लोगों को जागरूक करेगी पार्टी

भारतीय जनता पार्टी 7 जनवरी 2026 से केंद्र सरकार की ‘विकसित भारत जी-राम-जी योजना’ को लेकर प्रदेशभर में जन-जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान की शुरुआत फाजिल्का जिले से होगी। भाजपा के प्रदेश सचिव विनीत जोशी ने वीडियो भी जारी करते हुए कहा है प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की अगुआई में यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
इसके अलावा लिखित बयान जारी कर सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की नीति के तहत गरीबों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने गरीब मजदूरों के लिए रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है। साथ ही नई योजना में काम न देने की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि इस योजना के लागू होने से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और मजदूरी की पूरी राशि सीधे मजदूरों के बैंक खातों में पहुंचेगी। जाखड़ के मुताबिक, यही वजह है कि आम आदमी पार्टी सरकार और कांग्रेस इस योजना का विरोध कर रही हैं और इसे लेकर लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है। ‘भ्रम फैलाने का किया जाएगा पर्दाफाश’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जन-जागरूकता अभियान के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले 100 दिन का रोजगार न देने पर किसी की जवाबदेही तय नहीं होती थी, लेकिन नए कानून में अब जवाबदेही सुनिश्चित की गई है, जिससे गरीबों के अधिकारों का हनन नहीं हो सकेगा।
जाखड़ ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए इस योजना के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान मजदूरों और गरीब वर्ग तक सही जानकारी पहुंचाने और भ्रम दूर करने के लिए चलाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *