जिला सैनी महासभा खैरथल-तिजारा ने शनिवार को सैनी समाज का भवन गंज किशनगढ़बास में आम सदन की बैठक आयोजित की। इस दौरान भारत की प्रथम शिक्षिका और क्रांति ज्योति माता सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती भी धूमधाम से मनाई गई। प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवलित कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सैनी महासभा के अध्यक्ष तेजराम सैनी मातौर और अन्य पदाधिकारियों ने माता सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिले भर से आए सैनी समाज के लोगों ने पुष्प अर्पित कर नारी शिक्षा की प्रेरणा स्रोत माता सावित्रीबाई फुले को नमन किया। महासभा सचिव इंदर सिंह दहिया ने बैठक का संचालन करते हुए सभा की रूपरेखा प्रस्तुत की। महासभा संयोजक इंजीनियर तेजपाल सैनी ने संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया। माला और साफा पहनाकर किया सम्मानित
इस अवसर पर सैनी समाज बारह गांव सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक सैनी, सचिव नरेश सैनी और सैनी समाज गंज के उपाध्यक्ष सुभाष सैनी का जिला सैनी महासभा की ओर से माला पहनाकर व साफा बांधकर सम्मान किया गया। कोषाध्यक्ष रूपचंद सैनी ने सभा में आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। कुप्रथाओं को बंद करने का आह्लान
एडवोकेट मुकेश सैनी, हीरालाल, बाबूलाल सैनी, श्योदान आर्य, बुधराम और मुकेश अध्यापक सहित कई वक्ताओं ने डीजे,मृत्यु भोज और दहेज जैसी सामाजिक कुप्रथाओं को बंद करने तथा विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की बात कही। चार गोत्र से कम कर तीन गोत्र करने को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
नगरपालिका तिजारा अध्यक्ष कमलेश सैनी,उप प्रधान रामानंद सैनी और धन्नालाल सैनी जैसे वक्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के आदर्शों को जीवन में उतारने और उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। 3 जनवरी को माता सावित्रीबाई फुले शिक्षिका दिवस घोषित करने और फुले दंपती को भारत रत्न देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में गंज, बंबोरा, खैरथल, मातौर, हरसोली, कोटकासिम, भिवाड़ी,तिजारा,मुंडावर, शाहबाद सहित विभिन्न स्थानों से सैनी समाज के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद मंतूराम सैनी, नवल मिलकपुरिया, मास्टर ताराचंद सैनी, कमलेश मौर्य, नरेश कुमार सैनी, मातादीन सैनी, देवकीनंदन सैनी, ताराचंद सरस डेयरी और महावीर प्रसाद सैनी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


