नाथद्वारा स्थित पुष्टि मार्ग की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर में शनिवार को छप्पन भोग मनोरथ का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहां सैकड़ों वैष्णव श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन किए। मंदिर के तिलकायत राकेश महाराज के निर्देशानुसार वैष्णव परिवार की ओर से श्रीजी प्रभु को बड़े मनोरथ में छप्पन भोग अरोगाया गया। इस अवसर पर श्रीनाथजी को विशेष श्रृंगार धराया गया, जिसमें श्वेत साटन का चागदार वागा, गुलाबी गाती का पटका और श्रीमस्तक पर जड़ाऊ कूल्हे व मुकुट के साथ पान का श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। सेवा के दौरान तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने प्रभु श्रीनाथजी एवं लाडले लाल प्रभु के संग छप्पन भोग के विशेष भोग लगाए। इसके बाद राजभोग दर्शन में विशाल बावा ने प्रभु को लाड़ लड़ा कर आरती उतारी। दर्शन के बाद मनोरथी कोकिला बेन सहित वैष्णव परिवार का मंदिर परंपरा अनुसार विशाल बावा ने उपरना ओढ़ाकर व प्रसाद प्रदान कर समाधान किया तथा आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर मंदिर के अधिकारी, मंडल बोर्ड सदस्य, सेवादार एवं बड़ी संख्या में वैष्णव उपस्थित रहे।


